धड़ल्ले से चल रहा पीली मिट्टी का अवैध खनन, प्रशासन मौन

Spread the love

आपकी खबरे न्यूज,
हुसैनगंज संवाददाता फतेहपुर।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र में पीली मिट्टी का अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। खनन माफिया बेखौफ होकर धरती की कोख को खोखला करने में जुटे हैं। आरोप है कि असनी चौकी इंचार्ज के संरक्षण में यह अवैध खनन खुलेआम जारी है, जिससे शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार असनी चौकी क्षेत्र के मौजमाबाद गांव के समीप बीते करीब एक माह से बिना किसी वैध अनुमति के पीली मिट्टी की खुदाई की जा रही है। इस अवैध खनन में कई डंपर लगातार लगाए गए हैं, जो दिन-रात मिट्टी ढोने का कार्य कर रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर चल रहे इस कारोबार से सरकार को अब तक लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा चुका है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया योगी सरकार का कथित “ठेका” दिखाकर अवैध खनन को जायज ठहराने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि मौके पर किसी भी प्रकार की वैध परमिशन या दस्तावेज मौजूद नहीं हैं। इसके बावजूद हुसैनगंज पुलिस और असनी चौकी पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे माफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
ग्रामीणों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए असनी चौकी पुलिस की भूमिका को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि अवैध खनन पर रोक लग सके और सरकारी राजस्व की हो रही लूट बंद हो।
देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेता है और बेलगाम खनन माफियाओं पर कार्रवाई कर धरती और सरकारी संपदा की रक्षा करता है।

error: Content is protected !!