पॉक्सो, बाल विवाह व बाल श्रम उन्मूलन पर जोर,फतेहपुर में समीक्षा बैठक आयोजित

Spread the love

आपकी खबरे न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

विशेष किशोर पुलिस इकाई/एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट फतेहपुर द्वारा बच्चों के संरक्षण एवं कल्याण से जुड़ी गतिविधियों की मासिक समीक्षा बैठक पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति फतेहपुर के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू ने की।
बैठक में निर्धारित एजेंडे के अनुसार माह भर में विभिन्न विभागों द्वारा बच्चों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम उन्मूलन, बच्चों में भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा धूम्रपान निषेध के लिए कोटपा एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भारत सरकार के निर्देशानुसार बाल विवाह की रोकथाम के लिए 100 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाने हेतु जिला बाल संरक्षण इकाई को कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने बच्चों के सर्वोत्तम हित में समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। समीक्षा बैठक में बाल कल्याण समिति के सदस्य श्री राम कृष्ण पाण्डेय, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के निरीक्षक संजय पाण्डेय, जिला समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन नीरू पाठक, प्रभारी वन स्टॉप सेंटर शबीना खातून, जिला स्वास्थ्य विभाग के उप मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार, पॉक्सो कोर्ट के शासकीय अधिवक्ता सहित जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी एवं महिला आरक्षी उपस्थित रहीं।

error: Content is protected !!