
आपकी खबरे न्यूज।
हथगाम फतेहपुर संवाददाता।
फतेहपुर जनपद के हथगांम थाना क्षेत्र अंतर्गत लाड़लेपुर गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पैदल जा रहे एक वृद्ध को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हथगांम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बिसुई मजरे सरांय इदरीश गांव निवासी लाल जी पुत्र स्वर्गीय झूरी (60 वर्ष) खेत में काम कर रहे थे। काम के दौरान वह नल से पानी लेने के लिए सड़क पर आए थे और पानी लेकर वापस खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अपाचे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्ध सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए सीएचसी हथगांम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची हथगांम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के पुत्र सूरज भान ने बताया कि उनके पिता पूरी तरह पैदल थे और सड़क किनारे से गुजर रहे थे। तेज रफ्तार बाइक सवार की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें उनके पिता की जान चली गई।
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।


