टाटा स्टील के एमडी के निधन पर शोक की लहर, विधायक पूर्णिमा साहू और जदयू ने जताई गहरी संवेदना

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
जमशेदपुर संवाददाता।

टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन से जमशेदपुर में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घटना पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ऋतुराज सिन्हा का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक और स्तब्ध कर देने वाला है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही उनसे बातचीत हुई थी और शहर के विकास कार्यों को लेकर उनकी प्रतिबद्धता तथा सहयोगात्मक कार्यशैली सदैव स्मरणीय रहेगी।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु कई अवसरों पर उनकी ऋतुराज सिन्हा से भेंट हुई थी, जिसमें उनका सकारात्मक और सक्रिय सहयोग मिला। उनके प्रयासों से क्षेत्र की जनता को प्रत्यक्ष लाभ हुआ, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं, टाटा स्टील यूआईएसएल के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने भी गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाला है, जिससे न केवल औद्योगिक क्षेत्र बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग में शोक व्याप्त है। सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि स्वर्गीय ऋतुराज सिन्हा एक कुशल प्रशासक, सौम्य स्वभाव के अधिकारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्ति थे। टाटा स्टील यूआईएसएल में उनके महत्वपूर्ण योगदान और कार्यशैली को हमेशा स्मरण रखा जाएगा। उनके नेतृत्व, समर्पण और सरल व्यवहार ने उन्हें समाज में विशिष्ट सम्मान दिलाया।
जदयू पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। पार्टी ने इसे समाज और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

error: Content is protected !!