
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज/फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के नौगांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने किसानों के नलकूपों को निशाना बनाया। चोर दो नलकूपों से स्टार्टर, पाइप समेत अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो गए। चोरी की ये वारदातें पुलिस की रात्रि गश्त के बावजूद हुईं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे में किसानों के नलकूपों के ताले तोड़कर अन्दर प्रवेश किया। किसान राजकुमार पांडे और बकऊ मिश्रा के नलकूपों से स्टार्टर और पाइप चोरी हो गए। इसी दौरान चोर तीसरे किसान के नलकूप का ताला तोड़ने में तो सफल रहे, लेकिन किसी कारणवश वहां से कोई सामान नहीं ले जा सके। सुबह जब किसान अपने नलकूपों पर पहुंचे, तो टूटे ताले और गायब सामान देखकर दंग रह गए। पीड़ित किसानों ने तत्काल पीआरवी 112 और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। ग्रामीणों ने बताया कि हुसैनगंज क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
