
आपकी खबरें न्यूज,
जमशेदपुर संवाददाता।
सिदगोड़ा बाजार में बुधवार देर रात करीब 12 बजे लगी भीषण आग में आधा दर्जन से अधिक दुकानें और गोदाम जलकर खाक हो गए। अचानक भड़की आग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और व्यवसायियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक पूर्णिमा साहू गुरुवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचीं और आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों और व्यापारियों से मुलाकात कर उनका हिम्मत बंधाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में वे पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक पूर्णिमा साहू ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। साथ ही, राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर देने की बात कही। उन्होंने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की अड्डेबाजी पर तत्परता से कार्रवाई करने और नियमित गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए।
