
आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।
विकास प्राधिकरण की ओर से दालमंडी में अवैध घोषित 12 मकानों पर शनिवार से कार्रवाई शुरू हुई। भारी फोर्स की तैनाती के साथ भवनों का ध्वस्तीकरण शुरू कराया गया। हालांकि, इस दौरान विरोध भी देखने को मिला। महिला मकान मालिक ने पुराने मकान मालिक के नाम से 2002 की नोटिस जारी कर कार्रवाई करने का आरोप लगाया। इस दौरान अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई। सुरक्षा के मद्देनजर एसीपी दशाश्वमेध अंतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात रही। प्रशासन ने एक मकान को ध्वस्त कराया। इसके बाद तीन मंजिला मकान के ध्वस्तीकरण के लिए पहुंची। उस दौरान मकान मालिक नसीमा बानो ने बिना नोटिस दिए कार्रवाई का आरोप लगाया। कहा कि मकान 2002 में उन्होंने खरीदा था। वीडीए की ओर से जो नोटिस चस्पा की गई है वह पुराने मकान मालिक के नाम से है। उन्हें कोई नोटिस नहीं दी गई। प्रशासन बिना नोटिस दिए ही कार्रवाई करने पहुंच गया। महिला मकान मालिक ने अधिकारियों से कागजात मांगे, लेकिन अधिकारी दिखा नहीं सके। एसीपी ने कहा कि दालमंडी में वीडीए की ओर से अवैध घोषित निर्माण पर कार्रवाई शुरू की गई है। कई थानों की फोर्स के साथ ही पीएसी को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
