बारिश से जलमग्न हुई धान की फसल,किसान झेल रहे दोहरी-तेहरी मार

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
शाह फतेहपुर संवाददाता।

धनसिंह पुर और आसपास के गांवों में हुई बेमौसमी बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे धान की फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गई है। किसान किसी तरह धान निकालने के प्रयास में जुटे हैं, लेकिन यदि समय से पानी की निकासी नहीं हुई तो रबी की फसल भी बोना मुश्किल हो जाएगा। समाजवादी पार्टी के नेता, खागा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस ने खेतों में हुए जलभराव और फसलों की बर्बादी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि किसान बड़ी मेहनत से बीज बोता है, खाद, दवा, जुताई और रोपाई पर खर्च करता है, लेकिन जब फसल पककर तैयार होती है तो प्राकृतिक आपदाएं उसकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। फसल नष्ट होने के बाद न मजदूर मिलते हैं और न ही पर्याप्त मजदूरी चुका पाने की स्थिति में किसान रहता है। ऊपर से सरकारी सहायता भी न मिलने के कारण किसान आर्थिक तंगी से जूझता है। रामतीर्थ परमहंस ने क्षेत्रीय विधायक विकास गुप्ता, सांसद और जिला प्रशासन से अपील की है कि वे मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं का समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल नुकसान का सर्वे कर किसानों को मुआवजा दिलाना चाहिए, ताकि वे आगामी रबी की फसल की तैयारी कर सकें और अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।

error: Content is protected !!