
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
वृद्ध महिलाओं को सुनसान स्थानों पर निशाना बनाकर उनके आभूषण लूटने और चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 2300 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। उसकी निशानदेही पर हथगांव कस्बे की खुशी ज्वैलर्स से वृद्ध महिला से लूटी गई सोने की नाक की पोंगी (कील) भी बरामद की गई है। मामले में पुलिस ने ज्वैलर्स संचालक को भी गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि 27 सितंबर को तूरीपार गांव स्थित पुराने पंचायत भवन के पास मोटरसाइकिल सवार युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने एक वृद्ध महिला को रोक लिया था। आरोप है कि बदमाशों ने महिला की आंखें बंद कर उसकी नाक की पोंगी और कान की बाली निकाल ली थी। इस मामले में कोमल सिंह यादव की तहरीर पर थाना हुसैनगंज में मुकदमा संख्या 256/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
वहीं 13 जून को भलेवा गांव में आम के बगीचे में सो रही वृद्ध महिला के आभूषण चोरी होने के मामले में भी मुकदमा संख्या 124/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज था।
एक अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर बेला मोड़ पर वाहनों की चेकिंग के दौरान काले-लाल रंग की स्प्लेन्डर प्लस बाइक को रोककर नईम पुत्र रफीक निवासी नगरा इस्लामपुर थाना हथगांव को पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से 2300 रुपये और ओप्पो मोबाइल बरामद हुआ।
पूछताछ में नईम ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों जीशान पुत्र वीर अली निवासी टीका थाना असोथर और वारिस पुत्र फैजू निवासी नगरा इस्लामपुर के साथ मिलकर तूरीपार में वृद्ध महिला से नाक की पोंगी और कान की बाली लूटी थी। लूटी गई नाक की पोंगी हथगांव स्थित खुशी ज्वैलर्स में बेची गई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दुकान से पोंगी बरामद कर गुरुप्रसाद सोनी पुत्र गंगासागर निवासी सेमरहा थाना हथगांव को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने बरामद पोंगी की पहचान अपनी बताई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नईम ने 13 जून को भलेवा में वृद्ध महिला के आभूषण चोरी करने और एक अप्रैल को थाना खखरेरू क्षेत्र में भी बुजुर्ग महिला की नाक की कील लेकर उसे रास्ते में उतारने की बात स्वीकार की है। इन घटनाओं से जुड़े मामलों में भी पुलिस जांच कर रही है। बरामद 2300 रुपये में 1000 रुपये मुकदमा संख्या 256/2026, 700 रुपये मुकदमा संख्या 124/2026 और 600 रुपये खखरेरू के मुकदमा संख्या 062/2026 से संबंधित होने की बात आरोपित ने पुलिस को बताई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक UP71 BE 2671 को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि नईम के बताए साथी जीशान और वारिस पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।



