झाड़ियों के बीच मिला अज्ञात शव, दुर्गंध उठने पर पहुंची पुलिस

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज कस्बे में शुक्रवार को पीसीपी इंटर कॉलेज के पीछे और प्राथमिक विद्यालय प्रथम के बगल में स्थित बाउंड्री के भीतर तालाब और झाड़ियों के बीच एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से दुर्गंध उठने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। उसने सफेद धारीदार शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा था। शव की हालत देखकर उसके करीब सात से आठ दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है। शव काफी सड़-गल चुका है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू करते हुए शव का पंचायतनामा भरने और पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पहचान के लिए अपील
हुसैनगंज कस्बे में पीसीपी इंटर कॉलेज के पीछे और प्राथमिक विद्यालय प्रथम के बगल में स्थित झाड़ियों के बीच एक अज्ञात पुरुष का शव मिला है। मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष बताई जा रही है। उसने सफेद धारीदार शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा था।
यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो कृपया हुसैनगंज थाना पुलिस को तत्काल सूचना दें। मृतक की पहचान होने से उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
जनहित में अपील: इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि मृतक की पहचान हो सके और उसके परिजनों का पता लगाया जा सके।

error: Content is protected !!