बकाया मानदेय के भुगतान में देरी पर भड़का प्रेरक संघ, एक दिसंबर से आंदोलन की चेतावनी

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

नौकरशाही की कार्यशैली और मानदेय भुगतान में देरी से नाराज प्रेरक संघ ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश के करीब पांच लाख शिक्षा प्रेरकों के आठ साल पुराने बकाया मानदेय के भुगतान को लेकर शासन स्तर से बजट आवंटित होने और स्पष्ट आदेश जारी होने के बावजूद भुगतान प्रक्रिया में सुस्ती बरते जाने का आरोप लगाया जा रहा है। इससे प्रेरकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
संगठन के अनुसार लंबे संघर्ष के बाद प्रदेश सरकार ने शिक्षा प्रेरकों के बकाया मानदेय भुगतान के लिए तीन अरब रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया है। बीते 28 अक्टूबर को साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर 31 दिसंबर तक प्रेरकों का बकाया मानदेय भुगतान करने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद फतेहपुर सहित प्रदेश के कई जनपदों में भुगतान प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने का आरोप है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि संबंधित अधिकारी निदेशक के आदेश को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ऐसे में निर्धारित समय सीमा तक भुगतान होना मुश्किल दिखाई दे रहा है।
अधिकारियों के ढुलमुल रवैये से नाराज साक्षरता कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान वर्मा ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि 30 नवंबर तक जिस जनपद में प्रेरकों का बकाया मानदेय भुगतान नहीं होगा, वहां एक दिसंबर से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इसके बाद भी यदि प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया तो संगठन आमरण अनशन जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आंदोलन का अल्टीमेटम दिया जा चुका है।
आठ साल से अपने मेहनताने का इंतजार कर रहे शिक्षा प्रेरकों की निगाहें अब शासन और जिला प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल यह है कि बजट आवंटन और निदेशक के आदेश के बाद भी प्रेरकों को उनका बकाया मानदेय कब तक मिल पाएगा।

error: Content is protected !!