34 लाख का बैनामा, खाते में नहीं पहुंची रकम, डीएम से शिकायत

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

असोथर कस्बे में जमीन की बिक्री को लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर शराब की लत का फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा साजिश के तहत करोड़ों रुपये की कृषि भूमि मात्र 34 लाख रुपये में बैनामा कराने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि बैनामे में दर्शाई गई रकम के चेक दिए जाने के बावजूद उसके पति के बैंक खाते में कोई धनराशि नहीं पहुंची। पीड़िता ने जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
असोथर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी काजल सिंह पत्नी ब्रजेन्द्र पाल सिंह गौतम ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी दो छोटी-छोटी बेटियां हैं। उसका पति शराब का आदी है। आरोप है कि इसी बात का फायदा उठाकर गांव के शैलेन्द्र सिंह, नीलेन्द्र कुमार सिंह चौहान, मनोज कुमार तथा रामनगर कौंहन निवासी अंकित सिंह गौतम ने आपस में साजिश कर उसकी कृषि भूमि का बैनामा करा लिया। महिला के अनुसार दो नवंबर 2026 को फतेहपुर निबंधक कार्यालय में बही संख्या एक, जिल्द संख्या 16456, पृष्ठ संख्या 399 से 428 तथा क्रमांक 16749 पर भूमि का बैनामा दर्ज कराया गया। आरोप है कि करोड़ों रुपये कीमत की जमीन का सौदा महज 34 लाख रुपये में दर्शाया गया।
काजल सिंह का कहना है कि बैनामे में अलग-अलग चेकों के माध्यम से कुल 34 लाख रुपये का भुगतान दर्शाया गया है,
बैनामे मे दर्शित रूपया 2,00,000/- रूपये चेक सं0-000734, 2,50,000/- रूपये चेक सं0-000056, 2,50,000/- रूपये चेक सं०- 000055, 2,00,000/-रूपये चेक सं०- 000018, 2,50,000/- रूपये चेक सं०- 000021, रूपये 2,50,000/- चेक सं0-000022, रूपये 10,00,000/- चेक सं०- 000735, 5,20,000/- रूपये चेक सं0-000019, 4.80,000/- रूपये चेक सं०-000020 की रकम नही दी गयी है।
लेकिन कोई भी रकम उसके पति के खाते में नहीं पहुंची। पांच नवंबर को बैंक जाकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर भुगतान नहीं होने की जानकारी हुई।
पीड़िता ने बताया कि उसने 12 अगस्त को भी शिकायत की थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री पोर्टल पर आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई तथा छह नवंबर को पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित धोखाधड़ी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

error: Content is protected !!