भैंस चराने गई महिला की करंट से मौत,डेढ़ माह पहले पति की हुई थी मौत

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसे में 53 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला जंगल में मवेशी चरा रही थी। इसी दौरान नीम के पेड़ से दातून तोड़ते समय पेड़ में उतरे 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आ गई। परिजन उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मकनपुर गांव निवासी खेलाड़ी चौहान की पत्नी वेदमती (53) रविवार शाम भैंस चराने जंगल गई थी। इसी दौरान वह नीम के पेड़ से दातून तोड़ने लगी। बताया जाता है कि पेड़ के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरी हुई है और तार पेड़ की डालियों को छू रहे हैं। इसी वजह से पेड़ में करंट उतर आया था। जैसे ही वेदमती ने पेड़ को हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों को महिला के गिरने के बाद हादसे की जानकारी हुई।
गंभीर रूप से झुलसी महिला को परिजन आनन-फानन उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतका के पति खेलाड़ी चौहान की भी करीब डेढ़ माह पहले मौत हो चुकी थी। महिला अपने पीछे दो पुत्र राजेश और रामू को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया।

error: Content is protected !!