

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
शहर के नऊवाबाग में प्रयागराज रोड पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने जिम जाने के लिए निकले तीन दोस्तों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ तीन नौजवानों की मौत की खबर से शहर में सनसनी फैल गई, वहीं मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार शहर के अलग-अलग मोहल्लों में रहने वाले तीनों युवक रोजाना की तरह सोमवार सुबह जिम जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र के नऊवाबाग में प्रयागराज रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे जाते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान स्पर्श गौतम (19) निवासी चित्रांश नगर, अनुज पाल (19) निवासी विष्णुपुरी कॉलोनी और विश्वेश पटेल निवासी तांबेश्वर मंदिर के पास के रूप में हुई है। तीनों अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले थे, लेकिन आपस में गहरी दोस्ती थी। रोजाना एक साथ जिम जाने वाले तीनों दोस्तों का सफर सोमवार को दर्दनाक हादसे के साथ हमेशा के लिए समाप्त हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ फरार ट्रक और चालक की तलाश में जुटी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, परिवारों में चीख-पुकार मच गई। जिन बेटों ने सुबह जिम जाने के लिए घर से कदम निकाले थे, उनके शव घर पहुंचने की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया। तीन परिवारों की खुशियां एक सड़क हादसे ने छीन लीं। घटना से पूरे शहर में शोक का माहौल है।

