
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
धनतेरस के शुभ अवसर पर जमराव के जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी का क्षेत्र के बुजुर्गों और युवाओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर सम्मानित किया। सहनीपुर, असनी, गौरा कला, अधारपुर, सरैला, चंदीपुर, हुसैनगंज, गौर चुरियारा, महेशपुर और गोपालापुर समेत कई गांवों के लोगों ने उनके प्रति अपना स्नेह और आभार जताया।
इस अवसर पर रिंकू लोहारी की पहल पर करीब एक करोड़ रुपये के सहायक उपकरण बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को वितरित किए गए। उन्होंने लाभार्थियों को दीपावली एवं धनतेरस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ही उनका परिवार है। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सहायता करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत भी हजारों युवाओं को लाभान्वित कराने का प्रयास किया गया है। उनका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ बुजुर्गों और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
रिंकू लोहारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता द्वारा दिया जा रहा सम्मान उनके लिए अनमोल है। वह इसके लिए आजीवन आभारी रहेंगे। जनता का प्रेम और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों की सेवा और सहायता के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे।
इस मौके पर बच्चा सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार द्विवेदी, सनी सिंह, विकास दुबे, नीरज अग्निहोत्री सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

