आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
दीपावली, छठ पूजा और आगामी त्योहारों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में चिकित्सा सेवाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह ने सभी सरकारी चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति में आमजन को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस, दवाओं, जांच और ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सीएमओ ने निर्देशित किया है कि 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं लगातार सक्रिय रहेंगी। इसके साथ ही जीवनरक्षक दवाओं से लैस एएलएस एंबुलेंस भी तैयार रखी जाएंगी। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान जलने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर और बर्न केयर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
अस्पतालों में पैरासिटामॉल, ओआरएस, एंटीबायोटिक, एंटी रैबीज, एंटी स्नेक वेनम, बैंडेज, स्प्रे समेत अन्य जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एक्स-रे, पैथोलॉजी जांच, ऑक्सीजन सिलेंडर और ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर की सुविधा भी 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
सीएचसी स्तर पर मरीजों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक जांच की सुविधा दी जाएगी। अनावश्यक रेफरल पर रोक लगाते हुए निर्देश दिया गया है कि मरीज को स्थिर करने के बाद ही जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाए। अस्पतालों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
108 और 102 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

