
आपकी खबरें न्यूज।
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
दीपावली के त्योहार को देखते हुए हुसैनगंज थाना क्षेत्र में मिठाई की दुकानों पर मिलावटखोरी के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के कस्बा हुसैनगंज, सातमील, जमरावां, असनी, बारामील, मवई, मकनपुर, चितीसापुर, बेरागढ़ीवा, भिटौरा और चंदीपुर सहित कई स्थानों पर मिलावटी मिठाइयों की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। आरोप है कि कुछ दुकानदार त्योहार की आड़ में सिंथेटिक मिठाइयां बेचकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दुकानों पर कई दिनों पुरानी मिठाइयां रखी जाती हैं और उन्हें खोवे में मिलाकर दोबारा बिक्री के लिए तैयार किए जाने की आशंका है। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और निगरानी कितनी प्रभावी है? क्या विभाग की ओर से मिठाई की दुकानों पर नियमित जांच की जा रही है या फिर मिलावटखोरों को खुली छूट मिली हुई है?
स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि क्षेत्र की सभी मिठाई दुकानों पर तत्काल छापेमारी कर मिठाइयों और खोवे के नमूने लिए जाएं तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

