देर रात तक नहीं चला पता, डीएम ,एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा

आपकी खबरें न्यूज
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आलमपुर नरही गांव में बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद गंगा नदी में स्नान करने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। डूबने वाले किशोरों की पहचान गजराज सेंगर (15) पुत्र बलवीर सेंगर और पुष्पेंद्र पाल (13) पुत्र वीरेंद्र पाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका था।
डीएम और एसपी ने परिजनों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक बुधवार रात करीब नौ बजे आलमपुर नरही गांव पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने लगभग एक घंटे तक मौके पर रहकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
दोनों किशोरों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें अभियान चला रही हैं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी के बड़े हिस्से में तलाश की जा रही है। प्रशासन की टीमें दोनों किशोरों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। देर रात तक तलाश जारी रहने से परिजनों की चिंता बढ़ी हुई है।

error: Content is protected !!