मां दुर्गा की विदाई में उमड़े श्रद्धालु, एएसपी ने असनी घाट पर परखी व्यवस्थाएं

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। वहीं, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। विसर्जन के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने असनी गंगा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जबकि रामचंदन गंगा घाट पर थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
हुसैनगंज कस्बे सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए पंडालों से लेकर निकले। इसके बाद प्रतिमाओं को कस्बे और गांवों में भ्रमण कराते हुए निर्धारित गंगा घाटों तक ले जाया गया। इस दौरान मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने मां भगवती की अंतिम आरती उतारी और अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना करते हुए नम आंखों से विदाई दी। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मां दुर्गा को विदा किया। विसर्जन मार्ग से लेकर घाटों तक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, असनी गंगा घाट पर 80 और रामचंदन गंगा घाट पर 30 दुर्गा प्रतिमाओं का भू-विसर्जन किया गया। इस प्रकार दोनों घाटों पर कुल 110 प्रतिमाओं का भू-विसर्जन संपन्न हुआ।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने असनी गंगा घाट पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय ने रामचंदन गंगा घाट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस प्रशासन पूरे कार्यक्रम के दौरान सतर्क रहा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी करता रहा।

error: Content is protected !!