सिराथू के चुनावी समीकरणों के बीच हुसैनगंज विधानसभा पर टिकी नजरें,भाजपा में टिकटों को लेकर मंथन तेज

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

उत्तर प्रदेश की सत्ता में लगातार तीसरी बार काबिज होने की रणनीति बना रही भारतीय जनता पार्टी में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अंदरखाने तैयारियां तेज हो गई हैं। संगठन से लेकर शासन स्तर तक संभावित प्रत्याशियों, मौजूदा विधायकों के कामकाज और चुनावी समीकरणों का आकलन किया जा रहा है। इसी बीच फतेहपुर जिले की हुसैनगंज विधानसभा सीट को लेकर एक नई सियासी चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। राजनीतिक गलियारों में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के यहां से चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
दरअसल कौशांबी जिले की सिराथू विधानसभा सीट पर वर्ष 2022 में मिली हार के बाद आगामी चुनाव को लेकर केशव मौर्य के लिए नए सियासी समीकरण तलाशे जाने की चर्चाएं हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के समर्थन से अपना दल कमेरावादी की प्रत्याशी पल्लवी पटेल ने केशव प्रसाद मौर्य को 7,337 मतों से पराजित किया था। ऐसे में आगामी चुनाव में सिराथू सीट के समीकरणों को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चाएं बनी हुई हैं। इसी क्रम में फतेहपुर की हुसैनगंज सीट को उनके संभावित विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
फतेहपुर की हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र को लंबे समय से रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की थी, लेकिन 2022 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद क्षेत्र में उनका व्यक्तिगत जनाधार और राजनीतिक पकड़ बरकरार मानी जाती है। यही वजह है कि यदि केशव मौर्य के नाम पर यहां विचार होता है तो धुन्नी सिंह की भूमिका और उनके समर्थकों की स्वीकार्यता अहम होगी।
करीब 2.82 लाख मतदाताओं वाली इस विधानसभा सीट पर जातीय समीकरण भी चुनावी नतीजों को प्रभावित करते हैं। समाजवादी पार्टी मुस्लिम, यादव और विधायक ऊषा मौर्या की बिरादरी के मतों को अपने पक्ष में मानकर चल रही है। वहीं भाजपा के लिए परंपरागत मतदाताओं के साथ अन्य वर्गों का समर्थन हासिल करना चुनौती होगी। ऐसे में केशव मौर्य की संभावित उम्मीदवारी की चर्चा ने स्थानीय राजनीति में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या धुन्नी सिंह का व्यक्तिगत जनाधार किसी दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में स्थानांतरित हो सकेगा, क्या क्षेत्र के मतदाता बाहरी चेहरे के रूप में देखे जाने वाले बड़े नेता को स्वीकार करेंगे? और क्या केशव मौर्य स्थानीय समीकरणों के बीच अपनी मजबूत राजनीतिक जमीन तैयार कर पाएंगे? इन सवालों के जवाब फिलहाल भविष्य के गर्भ में हैं।
इधर भाजपा में प्रदेशभर में संभावित प्रत्याशियों के चयन और मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा की चर्चाएं भी तेज हैं। क्षेत्र में उपलब्धता, कार्यकर्ताओं से तालमेल, जनता के बीच छवि और जीतने की क्षमता को टिकट वितरण का आधार बनाए जाने की संभावना है। फतेहपुर जिले की सीटें भी इस राजनीतिक मंथन से अछूती नहीं रहेंगी।
राजनीतिक गलियारों में रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह को जिले की किसी दूसरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हो रही है। हालांकि, इन अटकलों पर भी पार्टी संगठन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल हुसैनगंज विधानसभा सीट को लेकर केशव प्रसाद मौर्य और धुन्नी सिंह के नामों की चर्चा ने भाजपा की स्थानीय राजनीति को गर्मा दिया है। अब देखना होगा कि 2027 के चुनाव में पार्टी किसे मैदान में उतारती है और हुसैनगंज की सियासी पिच पर किस नेता को बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है।

error: Content is protected !!