
आपकी खबरें न्यूज
वाराणसी संवाददाता।
फूलपुर पुलिस ने रामपुर अंडर पास से वाहन के इंतजार करते समय 25 हजार के इनामी गौ-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
कमिश्नरेट पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। फूलपुर पुलिस ने 25 हजार के इनामी गौ-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ के साथ ही पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी रही। बीते दिनों देवमूर्ति इंटर कॉलेज, दबेथुआ के पास सफेद रंग की अशोक लीलैंड मैजिक गाड़ी (UP42CT9920) खड़ी मिली थी। गाड़ी का पीछे का बायां टायर फटा हुआ था और उसमें प्लास्टिक व नायलॉन की रस्सियों से बांधकर दो गाय व तीन सांड़ लदे हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल सभी पशुओं को सुरक्षित नीचे उतारकर उन्हें भूसा-पानी उपलब्ध कराया। जांच में सामने आया कि यह गौवंश वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे थे। चालक मौके से फरार हो गया था, जिस पर थाना फूलपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
इस घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। सोमवार को पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर तस्कर 25 हजार के इनामी सुबहानी पुत्र खुर्शीद अहमद (निवासी ग्राम काजीपुरा, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने कबूल किया कि उसने उक्त गाड़ी को अनुबंध पर लिया था और इसी के जरिए गौ-तस्करी करता था। घटना वाले दिन जब गाड़ी का टायर फट गया, तो डर के कारण उसने वाहन को वहीं छोड़ दिया और भाग निकला।
उसने यह भी खुलासा किया कि गौ-तस्करी का मुख्य संचालन जमशेद पुत्र शमीम खान, निवासी नूरुद्दीन शाहिद, फुलवरिया (थाना कैंट, वाराणसी) द्वारा बड़े पैमाने पर किया जाता है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी गई है।