
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शुक्रवार को तहसील सदर कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नायब तहसीलदार कोर्ट, तहसीलदार न्यायिक कोर्ट सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदारों के क्षेत्रों से संबंधित रजिस्टरों की जांच की। रजिस्टर अद्यतन न पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने रजिस्टरों का नियमित रूप से स्वयं परीक्षण करें और अभिलेखों को समय से अपडेट रखें।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी से तहसील निरीक्षण की स्थिति की जानकारी ली। एसडीएम द्वारा लगभग दो माह पूर्व निरीक्षण किए जाने की जानकारी दिए जाने पर डीएम ने निर्देशित किया कि तहसील के सभी पटलों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा पेशकारों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाए।
तहसीलदार से मत्स्य पट्टों के संबंध में जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने आगामी प्रक्रिया के बारे में पूछा। बताया गया कि अगले माह नए पट्टों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
तहसीलदार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वादों की फाइलों का अवलोकन किया और धारा-67 के पुराने वादों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर निपटाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम सदर अनामिका श्रीवास्तव, तहसीलदार सदर अमरेश कुमार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


