भिटारी में डंपर की टक्कर से किशोरी की मौत, मौसा घायल

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज/फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भिटारी गांव के पास शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके मौसा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोबिंदपुर गांव निवासी महावीर उर्फ कल्लू की पुत्री लक्ष्मी देवी (16) अपने मौसा हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भखुआ गांव निवासी रामखेलावन निषाद के साथ मोटरसाइकिल से भाखूआ गांव जा रहे थे। लक्ष्मी देवी होली की छुट्टियों में अपनी मौसी के घर जा रही थीं।
बताया जा रहा है कि डलमऊ की ओर से फतेहपुर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज भेजा गया, जहां चिकित्सक डॉ. उत्कर्ष यादव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं रामखेलावन निषाद को हल्की चोटें आई हैं।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस भिजवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। मृतका के पिता महावीर उर्फ कल्लू मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही मां बुदवा देवी और भाई मुकेश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडे ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

error: Content is protected !!