लोहे के दरवाजों की कुंडी काटकर नगदी व जेवरात पार, क्षेत्र में दहशत

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
बिन्दकी फतेहपुर संवाददाता।

कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बिन्दकी के अंतर्गत जहानाबाद थाना क्षेत्र के भवानी सिंह पुरवा गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि चोर छत के रास्ते महेश कुशवाहा के घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने लोहे के दरवाजों की कुंडी काटकर घर में रखी नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
शनिवार सुबह करीब 5 बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई। घर का सामान बिखरा पड़ा देख परिवार के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। पीड़ित महेश कुशवाहा के मुताबिक करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी हुई है।
सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद जहानाबाद थाने की पुलिस ने भी पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

error: Content is protected !!