
आपकी खबरें न्यूज ,
फतेहपुर संवाददाता।
होली पर्व से पहले मिलावटखोरी पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने जनपद में विशेष अभियान चलाकर 962 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की। इस दौरान दो विधिक नमूने जांच के लिए संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए। यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश पर संचालित किया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में टीम ने सोमवार सुबह रामगंज पक्का तालाब स्थित सोना फूड प्रोसेसिंग यूनिट (सीएसके मसाला निर्माण इकाई) पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बेसन का एक नमूना जांच के लिए लिया गया तथा मौके पर 186 किलोग्राम बेसन जब्त किया गया। जब्त बेसन की अनुमानित कीमत लगभग 13,950 रुपये बताई गई है।
इसके बाद टीम ने ढकौली स्थित राकेश ट्रेडर्स प्रतिष्ठान पर जांच की। यहां से बूंदी दाना का एक नमूना संग्रहित किया गया। जांच के दौरान 776 किलोग्राम बूंदी दाना जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,25,000 रुपये आंकी गई है। जब्त सभी खाद्य सामग्री के नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों को ढककर रखें, स्वच्छता बनाए रखें और केवल मानक के अनुरूप, मिलावट रहित उत्पादों की बिक्री करें। बिना लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित न करने की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान आमजन को मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेश कुमार मिश्र एवं अनुराधा कुशवाहा भी शामिल रहीं।


