
आपकी खबरें न्यूज,
हथगांव फतेहपुर संवाददाता।
हथगाम थाना क्षेत्र में ब्रांडेड पाइप कंपनी के नाम पर संचालित एक अवैध फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई में नकली पीवीसी पाइप और प्रिंटिंग डाई बरामद की गई। मामले में कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली स्थित Supreme Industries Limited के अधिकृत प्रतिनिधि कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हथगाम क्षेत्र में कंपनी के नाम से नकली प्लास्टिक पाइप तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे हैं। इससे आम जनता के साथ धोखाधड़ी हो रही है और कंपनी की साख व आर्थिक हितों को नुकसान पहुंच रहा है।
शिकायत के बाद कुलदीप सिंह अपनी कंपनी QuickIP Consultancy Private Limited की टीम मोहित यादव व दीवान सिंह और पुलिस बल के साथ ए.डी.पी. पाइप इंडस्ट्री पहुंचे। यह फैक्ट्री जय नारायण सिंह डिग्री कॉलेज के पास हथगांव में संचालित पाई गई।
मौके पर राजेश कुमार मिले जिन्होंने बताया कि फर्म उनकी पत्नी सुमन देवी के नाम पर पंजीकृत है। जांच के दौरान ‘सुप्रीम राज’ लोगो वाले 13 नग (4 इंच) पीवीसी पाइप, ‘सुप्रीम गोल्ड’ लोगो वाला 1 नग (4 इंच) पीवीसी पाइप तथा ‘सुप्रीम गोल्ड’ लिखी एक प्रिंटिंग डाई बरामद की गई। पुलिस ने पाइपों व डाई के नमूने लेकर सील किए और शेष सामग्री को निजी वाहन से थाने भिजवाया। मिलान के लिए असली पाइपों के नमूने भी सील किए गए हैं। सुमन देवी पत्नी राजेश कुमार के खिलाफ Copyright Act 1957 की धारा 63 व 65 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कंपनी अधिकारियों की सूचना पर संयुक्त छापेमारी की गई। बरामद नमूनों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि डुप्लीकेसी की पुष्टि होती है या नहीं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

