
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
साइबर अपराध की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान में हुसैनगंज थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए। साइबर ठगी की शिकार महिला के खाते में 42,000 रुपये की धनराशि वापस कराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार राखी शुक्ला पत्नी जयनारायण शुक्ला, निवासी ग्राम पडरी थाना हुसैनगंज साइबर अपराध का शिकार हो गई थीं। घटना के पश्चात उन्होंने साइबर क्राइम के राष्ट्रीय पोर्टल NCRP पर शिकायत संख्या 33112250193218 दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंकिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित किया और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से ठगी गई पूरी रकम 42 हजार रुपये पुनः पीड़िता के खाते में जमा करा दी। धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक सहित साइबर हेल्प डेस्क टीम एवं थाना हुसैनगंज पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।


