
आपकी खबरे न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना पुलिस ने ग्राम मवई में स्थित शाह बाबा की मजार में तोड़फोड़ कर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास के मामले में मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। मु0अ0सं0 348/2025, धारा 191(2)/298/301/196/324(4) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। आरोप है कि बजरंग दल से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम मवई में जयबहादुर के मकान के पास स्थित नाली से सटकर बनी शाह बाबा की मजार के पास पहुंचकर हथौड़ा व सब्बल आदि से तोड़फोड़ की गई तथा साम्प्रदायिक भड़काऊ भाषण देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और विशेष धर्म-जाति की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस संबंध में राहुल अग्निहोत्री, नरेंद्र हिन्दू, गोलू पंडित, कुलदीप मिश्रा, शोभराज निवासीगण अज्ञात तथा तीन-चार अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक फतेहपुर द्वारा तत्काल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में हुसैनगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 03 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त नरेंद्र कुमार हिन्दू पुत्र स्वर्गीय शिवशंकर निवासी छेउका थाना हुसैनगंज, (33) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे चालान कर न्यायालय सदर फतेहपुर भेज दिया गया है। अन्य नामजद व अज्ञात अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


