गौरा नहर पुल के पास एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत, कुत्तों द्वारा नोचा गया

Spread the love

आपकी खबरे न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गौरा नहर पुल के पास एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। कस्बा हुसैनगंज तिवारीपुर निवासी जागृत सैनी उर्फ जग्गा (40), पुत्र जवाहर सैनी, जिसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है, की जंगली जानवरों व आवारा कुत्तों द्वारा नोच-नोच कर खाए जाने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार जागृत सैनी बीते लगभग 10 दिनों से कस्बे में दिखाई नहीं दे रहा था। क्षेत्र के गौरा-चुरियारा गांव के किसानों ने बताया कि वह बीते कई दिनों से गौरा नहर पुल के आसपास और खेतों के पास टहलता हुआ दिखाई देता था। सोमवार को किसानों के माध्यम से परिजनों को सूचना मिली कि नहर किनारे खेत में उसका शव पड़ा है, जिसमें से केवल सिर का हिस्सा ही शेष बचा हुआ था।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि जागृत सैनी मंदबुद्धि था और अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था। परिजनों में संजय सैनी ने बताया कि जंगली जानवरों और कुत्तों द्वारा शव को बुरी तरह नोच लिया गया है। बचे हुए अवशेषों को परिजनों ने खेत में ही दफना दिया।
घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर क्षेत्र में आवारा कुत्तों और जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे किसानों और राहगीरों को खतरा बना रहता है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

error: Content is protected !!