
आपकी खबरे न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फिरोजपुर में दो पक्षों के बीच पुराने पैसों के लेन–देन के विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 5606 मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रथम पक्ष के देवकरण उर्फ बिट्टू, उदयकरण उर्फ बेटू पुत्रगण स्वर्गीय दिवाकर, ऋतुराज उर्फ अंकित एवं अमित पुत्र भूपेंद्र, निवासी ग्राम फिरोजपुर तथा द्वितीय पक्ष के योगेंद्र उर्फ अंतू, जितेंद्र उर्फ जीतू एवं पवन उर्फ नागेंद्र पुत्रगण रामनरेश, निवासी ग्राम फिरोजपुर के बीच लंबे समय से आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद के संबंध में पूर्व में द्वितीय पक्ष के योगेंद्र द्वारा थाना हुसैनगंज में प्रथम पक्ष के देवकरण सिंह, उदयकरण सिंह, हेमराज उर्फ अमित एवं छत्रपाल सिंह के विरुद्ध मुकदमा संख्या 324/2025, धारा 115(2)/351(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कराया गया था।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को दोनों पक्ष पुनः प्रधान ढाबा सेनपुर के पास आमने-सामने आ गए, जहां पुराने विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि द्वितीय पक्ष के लोगों ने प्रथम पक्ष के देवकरण सहित अन्य के साथ लात–घूंसे एवं लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे चार लोग घायल हो गए।
घायलों देवकरण उर्फ बिट्टू, उदयकरण उर्फ बेटू, ऋतुराज उर्फ अंकित एवं अमित को प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज भेजा गया है।
हुसैनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि मौके से 05 लाख रुपये की लूट एवं फायरिंग की सूचना जांच में गलत पाई गई है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


