रामघाट-बेड़ी पुलिया सौंदर्यीकरण की डीएम ने की समीक्षा

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
चित्रकूट संवाददाता।

जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों रामघाट एवं बेड़ी पुलिया से रामघाट तक हो रहे सौंदर्यीकरण, कायाकल्प एवं शहरी विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल द्वारा प्रस्तावित फुटपाथ की डिज़ाइनिंग, प्रकाश व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों के स्थानांतरण तथा पाथवे पर उपयोग की जाने वाली सामग्री पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बेड़ी पुलिया चौराहे तथा बांदा-चित्रकूट मार्ग पर हो रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ एवं घाट क्षेत्र में लगाए जाने वाले सभी पत्थर, फ्लोरिंग एवं सजावटी तत्व टिकाऊ हों। रामघाट क्षेत्र के शहरी कायाकल्प और चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि घाट की पूरी लंबाई में बेहतरीन डिज़ाइन, स्वच्छता और सौंदर्य को प्राथमिकता दी जाए। यूपीपीसीएल को निर्देशित किया गया कि रामघाट के फुटपाथ पर लगे ट्रांसफार्मरों को चिन्हित भूमि पर स्थानांतरित किया जाए और विद्युत प्रणाली बाढ़ से प्रभावित न हो, इसके लिए पारंपरिक लाइटों की जगह हाई मास्क लाइट लगाने के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही सिंचाई विभाग से पिछले 100 वर्ष और 25 वर्ष की बाढ़ से संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य के निर्माण कार्यों में सुरक्षा के सभी पहलुओं का समुचित ध्यान रखा जा सके। सीतापुर स्थित रामघाट के निकट प्रस्तावित कार पार्किंग निर्माण तथा पर्यटन विकास कार्यों पर भी बैठक में चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सीवरेज, ड्रेनेज एवं विद्युत ट्रेंच की ड्राइंग संबंधित विभागों-जल निगम, नगर पालिका एवं यूपीपीसीएल से शीघ्र स्वीकृत कराई जाए, जिससे कार्य बिना विलंब के आगे बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि रामघाट एवं आसपास की गलियों की पहले और बाद की स्थिति का ड्रोन सर्वे तैयार किया जाए, जिससे विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके। घाट पर पैटर्न युक्त डिज़ाइनर रेड स्टोन, आकर्षक फर्श तथा फसाड का निर्माण बाढ़ की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कराया जाए। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि चित्रकूट एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, इसलिए यहां हो रहे सभी विकास कार्य न केवल उच्च गुणवत्ता वाले हों बल्कि समयबद्ध भी हों। विभागीय समन्वय और पारदर्शिता के माध्यम से रामघाट, बेड़ी पुलिया चौराहा एवं सीतापुर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित किया जाएगा।
रामघाट के दिसंबर 2006, एमएलसीपी जुलाई 2026 तक, बेडी पुलिया जून 2026 तक, गेट और फुटपाथ और सेंटर भूमि एन ओसी के दो माह में कार्य की समाप्ति का समय सीमा रखा गया है।

error: Content is protected !!