
आपकी खबरें न्यूज,
लखीमपुर खीरी संवाद सूत्र।
एक ओर जहां उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में किसान खाद की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं लखीमपुर खीरी जिले के तराई क्षेत्र में खाद की खुलेआम तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। जिले के बेलरायां और तिकुनिया क्षेत्र में कुछ खाद विक्रेताओं पर आरोप है कि वे यूरिया खाद नेपाली नागरिकों को 400 से 450 रुपये प्रति बोरी के हिसाब से बेच रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह खाद बिक्री का पूरा खेल सीमा के नज़दीकी इलाकों में चल रहा है। कुछ नेपाली खरीदारों ने स्वयं एक वीडियो में स्वीकार किया है कि उन्होंने बेलरायां से 400 रुपये में यूरिया खाद खरीदी है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। स्थानीय किसानों का कहना है कि उन्हें खाद लेने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता है, फिर भी कई बार खाली हाथ लौटना पड़ता है। दूसरी ओर, सीमावर्ती क्षेत्रों में खुलेआम तस्करी जारी है, जिससे आम किसानों में गहरा रोष है।
किसानों का सवाल है कि जब वीडियो के जरिए पूरी स्थिति सामने आ चुकी है, तो प्रशासन कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? वहीं, सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों पर भी सवाल उठ रहे हैं कि वे इस अवैध तस्करी को रोकने में नाकाम क्यों साबित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि खाद माफिया पर अंकुश लगाया जा सके और किसानों को उचित दर पर खाद मिल सके।
प्रशासनिक अधिकारियों का इस मामले में कहना है कि शिकायत की जांच कराई जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

