
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
कार्तिक मास के पावन पर्व पर क्षेत्र के गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह की पहली किरण के साथ ही घाट हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से गूंज उठे।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाट पर ध्यान और पूजा-अर्चना की। भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी एवं भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार तिल, वस्त्र, अन्न और धन का दान कर पुण्य कमाया।
गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की रही धूम
दीपावली के अगले दिन कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर क्षेत्र में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौमाता की पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित किया। कई स्थानों पर छप्पन भोग की आकर्षक झांकियां भी सजाई गईं। वहीं व्यापारी वर्ग ने नए बही-खातों का शुभारंभ कर गणेश-लक्ष्मी का पूजन किया और कारोबार की सुख-समृद्धि की कामना की।
एक-दूसरे को दी नववर्ष की शुभकामनाएं
स्नान और पूजन के बाद पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर खुशियां साझा कीं। वहीं छोटों ने बड़े-बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाया गया।
घाटों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से गंगा स्नान और पूजा-अर्चना संपन्न की।


