
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पतहापर गांव के पास बस और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हालत नाजुक होने पर दो वर्षीय अंशु और 27 वर्षीय लक्ष्मी को कानपुर हैलट रेफर किया गया। इलाज के दौरान मासूम अंशु की मौत हो गई। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा संख्या UP 71 CT 2005 हथगांव थाना क्षेत्र के पलिया से सवारियां लेकर हुसैनगंज की ओर जा रहा था। सोमवार को पतहापर मोड़ के पास सामने से आ रही निजी बस संख्या UP 71 T 8835 से ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
हादसे में गीता देवी, उनके बेटे केतन शर्मा (25), बहू शालिनी शर्मा (22), चार वर्षीय अंशी, छह वर्षीय आराध्य, दो वर्षीय अंशु और 27 वर्षीय लक्ष्मी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनगंज भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अंशु और लक्ष्मी की हालत गंभीर देखते हुए दोनों को कानपुर हैलट रेफर कर दिया।


कानपुर हैलट में उपचार के दौरान दो वर्षीय अंशु ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर जैसे ही पलिया गांव पहुंची, परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
हादसे के बाद चालक को ग्रामीणों ने पीटा
बताया जा रहा है कि बस फतेहपुर से सवारियां लेकर हथगांव की ओर जा रही थी। पतहापर मोड़ के पास ई-रिक्शा से टक्कर के बाद बस चालक बस लेकर मथैयापुर की सवारियां उतारने के लिए मवई की ओर चला गया। बाद में कुछ लोगों के कहने पर चालक बस लेकर घटनास्थल पर वापस आया। इसी दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और कुछ ग्रामीणों ने बस चालक के साथ मारपीट कर दी।
सूचना पर पहुंची हुसैनगंज थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला और बस चालक को हिरासत में लेते हुए बस को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हुसैनगंज थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि बस चालक को हिरासत में लिया गया है। घायलों का उपचार कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



