
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को हुसैनगंज क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ अनुश्री गेस्ट हाउस सातमील से हुआ। समाजसेवी संतोष तिवारी, पप्पू सिंह एवं अन्नू श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
तिरंगा यात्रा सातमील से प्रारंभ होकर चन्दीपुर, भिटौरा, सहिमापुर और चकबिसौली होते हुए फतेहपुर शहर पहुंची। इसके बाद यात्रा शांतिनगर स्थित बाकेबिहारी मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए और भारत माता के जयकारों के साथ देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
यात्रा में शामिल लोगों के लिए लंच पैकेट की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी, संतोष सिंह, स्वामी शरण पाल, आदित्य प्रधान, अमित तिवारी (चिक्कू), आशीष प्रधान सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
पूरी यात्रा के दौरान क्षेत्र का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। सड़कों पर तिरंगे लहराते रहे और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
हेलमेट को लेकर भी दिखी लापरवाही


बाइक तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण पहलू भी सामने आया। यात्रा में शामिल कई युवाओं ने हेलमेट नहीं पहना था। हालांकि भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी हेलमेट लगाकर बाइक चलाते नजर आए, लेकिन अन्य कई सहयोगियों एवं बाइक सवारों ने हेलमेट को लेकर विशेष सतर्कता नहीं बरती। प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद यातायात सुरक्षा नियमों की अनदेखी चर्चा का विषय बनी रही। ऐसे आयोजनों में देशभक्ति के साथ यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन भी सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।



