स्वतंत्रता दिवस को लेकर हुसैनगंज में खाद्य पदार्थों की जांच, तीन होटलों से लिए नमूने

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को मिठाई की दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। बूंदी के लड्डू की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फतेहपुर शहर से लेकर हुसैनगंज तक नौ मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। गुणवत्ता पर संदेह होने पर बूंदी के लड्डू के चार नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि हुसैनगंज में पांच किलोग्राम दूषित लड्डू मौके पर ही नष्ट कराया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य के निर्देशन में टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान तांबेश्वर मंदिर के पास नीरू पत्नी अजय कुमार और राममिलन पुत्र राकिशोर की मिठाई दुकानों से बूंदी के लड्डू के एक-एक नमूने लिए गए। इसके बाद बुलट चौराहा स्थित हाइड एंड आउट्स स्वीट्स से भी बूंदी के लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया।
हुसैनगंज में नारायण स्वीट, विश्वास स्वीट और राहुल स्वीट का निरीक्षण किया गया। राहुल स्वीट से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया। जांच के दौरान पांच किलोग्राम दूषित लड्डू मिलने पर उसे तत्काल नष्ट करा दिया गया।


खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों को मिठाइयों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। विभाग के अनुसार अभियान में कुल चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट अथवा गुणवत्ता मानकों के विपरीत स्थिति पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, अनुराधा कुशवाह और देवेश मिश्रा मौजूद रहे।

error: Content is protected !!