
आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।
ग्रामीण विकास को नई गति देने और गांवों में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप टिकाऊ विकास कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकासखंड तेलियानी के सभागार में विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ संबंधित अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख तेलियानी, हसवा एवं खजुहा, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा, परियोजना निदेशक एवं उपायुक्त श्रम रोजगार अश्वनी कुमार सोनकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि गांवों के विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों के आधार पर तय की जानी चाहिए। वहीं सीडीओ पवन कुमार मीणा ने कहा कि ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है।
उपायुक्त श्रम रोजगार अश्वनी कुमार सोनकर ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली, नए प्रावधानों तथा जल संरक्षण से संबंधित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख तेलियानी, हसवा व खजुहा, परियोजना निदेशक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं प्रशासक, ग्राम पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



