स्कूल और मंदिर के पास संचालित देशी शराब ठेके से स्थानीय लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की उठी मांग

आपकी खबरे न्यूज़,
वाराणसी संवाददाता।

वाराणसी के सुजाबाद स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि पड़ाव-बहादुरपुर रोड स्थित इस शराब ठेके पर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतार लग जाती है। ठेके के समीप स्कूल और मंदिर होने के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और राहगीरों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से देर शाम तक शराब की बिक्री होती है और कई लोग ठेके के बाहर तथा बगल में स्थित चखना दुकान पर बैठकर शराब का सेवन करते हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है।
लोगों का आरोप है कि नशे की हालत में शराबी अक्सर आपस में विवाद और मारपीट करते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बना रहता है। उनका कहना है कि कई बार झगड़े की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में सुजाबाद पुलिस चौकी पर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शराब ठेके के बाहर हो रही अव्यवस्था पर रोक लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

error: Content is protected !!