
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के खुसरूपुर घाट पर गुरुवार दोपहर गंगा नदी में नहाते समय 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद हुसैनगंज थाना पुलिस और ओम घाट भिटौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, गंगा नदी में डूबा युवक रवि कुमार (18) पुत्र ओमप्रकाश, थाना थरियांव क्षेत्र के नेवादा गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि रवि अपने नाना के घर खुसरूपुर गांव आया हुआ था। गुरुवार को वह अपनी मौसी के साथ गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घाट पर जुट गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी था। पुलिस एवं प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।



