
आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज, फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फरीदपुर मजरे मकनपुर गांव में रास्ते और नाली पर मिट्टी डाले जाने को लेकर ग्रामीणों ने हुसैनगंज थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी पंकज कुमार पुत्र अलोपी प्रसाद तथा ग्रामीण सुशीला देवी, शोभाराम, राजेश कुमार, रमेश चंद्र सहित अन्य लोगों ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के संदीप लोधी पुत्र कैलाश लोधी ने दबंगई के बल पर कई ट्रॉली मिट्टी सार्वजनिक रास्ते और नाली में डलवा दी है। इससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संदीप लोधी से मिट्टी हटवाने का अनुरोध किया गया, लेकिन उसने बात मानने के बजाय गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। बारिश के दौरान रास्ते में कीचड़ भर जाने से बच्चों को विद्यालय पहुंचने में भारी दिक्कत होती है। साइकिल से स्कूल जाने वाले कई बच्चे फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। वहीं, ग्रामीणों के भी कीचड़ में फिसलकर घायल होने की बात कही गई है।
ग्रामीणों ने हुसैनगंज पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक रास्ते व नाली से मिट्टी हटवाने तथा आरोपित के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।



