
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चितिसापुर गांव में खेत में भैंस घुसकर फसल खराब करने की शिकायत करना एक महिला किसान को भारी पड़ गया। महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मां को बचाने पहुंची बेटी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चितिसापुर गांव निवासी शारदा देवी ने मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के एक व्यक्ति की भैंस उनके खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रही थी। उन्होंने भैंस मालिक से इसकी शिकायत की। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद हो गया और आरोपी पक्ष ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी उसके घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मां को बचाने पहुंची बेटी के साथ भी मारपीट किए जाने की बात महिला ने तहरीर में कही है।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से मारपीट का वीडियो बना लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिला के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है। आपकी खबरें न्यूज वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है।
दोनों पक्षों को थाने बुलाया
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर घटना की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



