मुख्यमंत्री योगी के दौरे की तैयारियां तेज,सभा स्थल का आईजी ने किया निरीक्षण अधिकारियों को दिए निर्देश

आपकी खबरे न्यूज़,
फतेहपुर संवाददाता।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 25 जुलाई को प्रस्तावित फतेहपुर दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को खागा विधानसभा की विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, विधायक विकास गुप्ता, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सभा स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके।

राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

प्रयागराज जोन आईजी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

error: Content is protected !!