फतेहपुर-रायबरेली के बीच फिर जुड़ी रफ्तार, गेगासों गंगापुल हुआ चालू

आपकी खबरे न्यूज़,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।

फतेहपुर और रायबरेली जनपदों को जोड़ने वाले बेहद महत्वपूर्ण गेगासों गंगापुल पर लगभग एक वर्ष बाद फिर से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। जिला प्रशासन ने मरम्मत कार्य पूरा होने और तकनीकी टीम से सुरक्षा संबंधी मंजूरी मिलने के बाद एक किलोमीटर लंबे इस पुल को सभी श्रेणियों के वाहनों के लिए खोल दिया है।
जुलाई 2025 में सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CRRI) ने पुल के स्लैब और बीम में तकनीकी खामियां पाई थीं। रिपोर्ट के आधार पर संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने 12 जुलाई 2025 से पुल पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी थी। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की विशेष टीम ने आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए पुल के व्यापक मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू किया।
करीब एक वर्ष तक चले मरम्मत अभियान के बाद तकनीकी टीम ने पुल को सुरक्षित और यातायात योग्य घोषित कर दिया। बुधवार शाम बैरियर हटते ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पुल के दोबारा शुरू होने से फतेहपुर, रायबरेली, बांदा तथा आसपास के जिलों के बीच व्यापारिक गतिविधियों और दैनिक आवागमन को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों को 30 से 40 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

error: Content is protected !!