समाधान दिवस में महिला ने पति पर लगाए उत्पीड़न व जान से मारने की धमकी के आरोप, जांच के आदेश

Spread the love

बिजनौर लखनऊ संवाददाता।
सरकार के निर्देशानुसार पीड़ितों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक माह के दूसरे एवं चौथे शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस के अंतर्गत शनिवार को थाना बिजनौर परिसर में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
थाना समाधान दिवस में जालिम खेड़ा निवासी सीता अपने बुजुर्ग पिता रामनाथ के साथ पहुंचीं और उपनिरीक्षक नाजिम खान को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर पति द्वारा मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न किए जाने की शिकायत की।
पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह अप्रैल 2025 में ग्राम हरदोईया, थाना काकोरी निवासी सुमित यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद वह ससुराल में रहकर घरेलू कार्य करते हुए परिवार की सेवा करती रही। आरोप है कि पिछले कुछ समय से उसका पति विवाह में बिचौलिया रही एक महिला के साथ लगातार घूमता है। इस संबंध में विरोध करने पर पति ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
महिला का आरोप है कि उक्त महिला द्वारा साजिश के तहत पति को भड़काया जा रहा है, जिसके चलते उसे जबरन मायके भेज दिया गया। साथ ही पति द्वारा दोबारा ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके सोने-चांदी के जेवरात पति ने अपने कब्जे में रख लिए हैं तथा उनके दुरुपयोग की आशंका है।
पीड़िता ने पति समेत संबंधित लोगों से जान-माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा एवं न्याय की मांग की है।
इस संबंध में उपनिरीक्षक नाजिम खान ने बताया कि महिला एवं उसके पिता की शिकायत सुनने के बाद प्रार्थना पत्र को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस चौकी माती प्रभारी को भेज दिया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!