
आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।
चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव के स्थित वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर गुरुवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई। घने कोहरे व शून्य दृश्यता के कारण से सडक हादसे में जीजा साले की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। चोलापुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी दीपक राजभर (26) पुत्र सुभाष राजभर, जौनपुर जनपद के चंदवक थाना के घुड़दौड़ निवासी अपने जीजा सतीश राजभर के साथ दानगंज बाजार से बाइक द्वारा अपने गांव जगदीशपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक टिसौरा गांव के समीप पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनो के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के शव सड़क पर एक-दूसरे से गमछे के सहारे बंधे हुए पाए गए। आशंका जताई जा रही है कि बाइक पर पीछे बैठे दीपक के गिरने की आशंका को देखते हुए चालक सतीश ने उसे अपने साथ बांध लिया होगा। दीपक दानगंज (पहाड़पुर) निवासी अपने नाना कल्पू राजभर के घर रहकर दानगंज बाजार में मैजिक वाहन से आलू व सब्जी की ढुलाई व पल्लेदारी का काम करता था। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है तथा मामले की जांच की जा रही है। दीपक अविवाहित था व दो भाइयों में बड़ा था दोनो लोग हेलमेट नही पहने थे ।


