
आपकी खबरें न्यूज,
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
एच.एन.बी. इंटर कॉलेज हुसैनगंज में वीर बालक दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दशम गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी द्वारा धर्म, मानवता एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए त्याग और उनके चारों वीर साहबजादों-अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह के अद्वितीय साहस एवं बलिदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री आदरणीय रणवेन्द्र प्रताप सिंह (धुन्नी भैया) रहे। उन्होंने अपने ओजस्वी उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को वीर बालक दिवस के ऐतिहासिक एवं नैतिक महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि साहबजादों का बलिदान आज भी युवाओं को सत्य, साहस और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग विभाग के सहयोग से क्षेत्र की उद्यमी बहनों को रोजगारपरक किट का वितरण किया गया, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहन मिला। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और अंत में राष्ट्र एवं समाज सेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


