भूमिधरी खेत से निकाली गई सैकड़ों ट्रॉली मिट्टी,न्याय न मिलने पर डीएम की शरण में पहुचा पीड़ित

Spread the love

आपकी खबरे न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

हुसैनगंज थाना कस्बा निवासी राजपाल साहू उर्फ ननका पुत्र रामजियावन ने अपनी भूमिधरी भूमि से मिट्टी चोरी किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी निकालकर भारी नुकसान पहुंचाया गया है। पीड़ित के अनुसार उसकी भूमिधरी जमीन हुसैनगंज के सातमील मार्ग बहबलपुर स्थित गाटा संख्या 322 में स्थित है। आरोप है कि 18 सितंबर से 22 सितंबर के बीच की रातों में ग्राम सातमील निवासी कमल पुत्र रामचन्द्र ने जेसीबी मशीन व ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से मिट्टी खुदाई करवाई।
शिकायत में बताया गया है कि खेत से लगभग तीन फीट गहराई तक खुदाई कर करीब तीन सौ ट्रॉली मिट्टी उठा ली गई। इस दौरान खेत में खड़ी सरसों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।
पीड़ित ने मामले की सूचना हुसैनगंज थाना को भी दी थी। पुलिस द्वारा दो दिन के भीतर मिट्टी भराई कराने और फसल क्षति का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक न तो मिट्टी भराई कराई गई और न ही किसी प्रकार का मुआवजा मिला।
न्याय न मिलने से आहत पीड़ित ने अब जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। पीड़ित ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, खेत की भराई तथा नष्ट फसल की क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की है।

error: Content is protected !!