अधिकारी मस्त, जनता त्रस्त-सामने ट्रामा सेन्टर रोड बना हादसों का कारण

Spread the love

आपकी खबरे न्यूज,
वाराणसी संवाद सूत्र।

वाराणसी नगर निगम क्षेत्र के सामने घाट ट्रॉमा सेंटर के मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति पिछले छह महीनों से आम जनता के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों ने मार्ग को अत्यंत खतरनाक बना दिया है। राहत की बात तो दूर, अभी तक किसी भी विभाग द्वारा सड़क सुधार की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जलकल विभाग की लीकेज कर रही पाइप लाइन कई महीनों से खराब पड़ी है, जिसके कारण सड़क और भी उखड़ती जा रही है। लगातार बह रहे पानी ने सड़क को दलदल में बदल दिया है। इसके साथ ही P.W.D. विभाग की उदासीनता भी साफ दिखाई देती है। सड़क निर्माण और मरम्मत की जिम्मेदारी होने के बावजूद विभागीय कार्रवाई शून्य है।
स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि प्रतिदिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। टोटो पलटने की घटनाएं आम हो गई हैं और कई राहगीर घायल हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हैं, जबकि जनता रोजाना जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से तत्काल सड़क और पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो मजबूरन धरना–प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

error: Content is protected !!