तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया तीन घंटे रोड जाम

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
वाराणसी संवाददाता।

तर्ना स्थित भेल के सामने शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में भेलखा (बड़ागांव) निवासी पूर्व प्रधान नंदलाल यादव के बेटे 30 वर्षीय अनीश यादव उर्फ मोनू की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने लगभग तीन घंटे तक सड़क जामकर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया।घटना के अनुसार, अनीश शुक्रवार सुबह अपने दोस्त आकाश राठौर के साथ तर्ना ओवरब्रिज तक टहलने गया था। दोनों वापस लौट रहे थे कि लगभग सुबह पाँच बजे भेल के दूसरे गेट के पास पीछे से तेज रफ्तार एंबुलेंस आ गई और अनीश को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से अनीश सड़क पर बने डिवाइडर से जा टकराया और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। आकाश ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। भीड़ ने हंगामा करते हुए एंबुलेंस चालक की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने हालात को संभालते हुए परिजनों को चालक की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। मृतक का एक जुड़वा भाई मनीष भी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे की बड़ी वजह सड़क किनारे फुटपाथ पर अवैध अतिक्रमण है। सुबह के समय चादर, मूंगफली और छोटी दुकानों की भीड़ सड़क को अत्यधिक संकरा कर देती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

error: Content is protected !!