समय रहते मिला इलाज-जय कृष्ण की जान बचाने में कारगर साबित हुआ टेनेक्टेप्लाज

Spread the love

आपकी खबरें न्यूज,
फतेहपुर संवाददाता।

फतेहपुर जिले में हार्ट अटैक से पीड़ित एक मरीज को जिला अस्पताल में पहली बार निशुल्क ‘टेनेक्टेप्लाज’ इंजेक्शन लगाया गया। बाजार में लगभग 40 से 50 हजार रुपये कीमत का यह महंगा इंजेक्शन शासन की ओर से उपलब्ध कराया गया है, जिसे मंगलवार को 52 वर्षीय मरीज जय कृष्ण को मुफ्त में दिया गया।
अचानक सीने में दर्द, इमरजेंसी में भर्ती
नई तहसील मोहल्ला निवासी जय कृष्ण दिल की बीमारी से पहले से ग्रस्त बताए जाते हैं। मंगलवार सुबह उन्हें अचानक तेज सीने में दर्द हुआ और वह बेसुध हो गए। परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर लवीश ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत सीएमएस को जानकारी दी।
सीएमएस की मौजूदगी में दिया गया जीवनरक्षक इंजेक्शन
जानकारी मिलते ही सीएमएस डॉ. राजेश कुमार इमरजेंसी पहुंचे। हार्ट अटैक की पुष्टि होने पर शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए महंगे ‘टेनेक्टेप्लाज’ इंजेक्शन को तुरंत मरीज को लगाया गया। कुछ ही देर में मरीज की स्थिति में सुधार दिखाई दिया। प्राथमिक स्थिरता के बाद बेहतर उपचार हेतु उन्हें कानपुर के हृदय रोग संस्थान के लिए रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में इंजेक्शन उपलब्ध, मरीजों को मिलेगा पूरा लाभ
सीएमएस डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि यह इंजेक्शन बाजार में लगभग 50 हजार रुपये में मिलता है, लेकिन जिला अस्पताल में हार्ट अटैक मरीजों के लिए यह पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर किसी भी मरीज को इसे बिना किसी शुल्क के लगाया जाएगा।
क्यों है टेनेक्टेप्लाज इतना खास?
हार्ट विशेषज्ञों के अनुसार, हार्ट अटैक के दौरान हृदय की धमनियों में खून का थक्का जम जाता है। समय पर यह इंजेक्शन दिए जाने से थक्का घुल जाता है और मरीज की जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। शुरुआती 90 मिनट हार्ट अटैक मरीज के लिए ‘गोल्डन आवर्स’ माने जाते हैं। इस इंजेक्शन से मृत्यु दर लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक कम की जा सकती है।
ग्रामीण व जिला अस्पताल स्तर पर ऐसी सुविधा उपलब्ध होने से हार्ट अटैक के बाद होने वाली मौतों में उल्लेखनीय कमी आएगी।

error: Content is protected !!